चारे की कमी के बीच जिले के 129 किसान आए आगे,168 बीघा जमीन पर गोशालाओं के लिए उगाएंगे हराचारा

चारे की कमी के बीच जिले के 129 किसान आए आगे,168 बीघा जमीन पर गोशालाओं के लिए उगाएंगे हराचारा
हनुमानगढ़. इस समय जिले में पशु चारे का संकट हर तरफ देखा जा रहा है। इस स्थिति में जिला प्रशासन स्तर पर किसानों से कई तरह की अपीलें की जा रही है। जिले की गोशालाओं में चारे की कमी के बीच जिला कलक्टर नथमल डिडेल द्वारा कुछ दिन पहले किसानों से एक बीघा जमीन पर हरा चारा उगाने की अपील का असर शुक्रवार को टाउन में गोशालाओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर आयोजित कार्यशाला में नजर आया। कार्यशाला में आए किसानों में से 129 किसानों ने लिखित सहमति दी कि वे खुद की 168 बीघा जमीन पर गोशालाओं के लिए हरा चारा उगाएंगे। चारे की देशव्यापी कमी के बीच हनुमानगढ़ जिले का यह नवाचार मील का पत्थर साबित हो सकता है। इस दौरान कृषि आदान विक्रेता संघ ने किसानों को हरेचारे का बीज नि:शुल्क उपलब्ध करवाने की घोषणा की। कार्यशाला में जिले के तीन दानदाताओं ने टाउन की श्री गौशाला को 25 लाख 12 हजार 11 रु के आर्थिक सहयोग की घोषणा भी की। कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि पवित्र व नेक उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में जिस तरह से जिले भर के किसान गोशालाओं को चारा उपलब्ध करवाने को लेकर आगे आए हैं और कृषि आदान विक्रेता संघ ने हरे चारे के बीज नि:शुल्क उपलब्ध करवाने की घोषणा की है। इसकी जितनी प्रशंसा की जाए, कम है। डिडेल ने कहा कि कोरोना काल में भी मुख्यमंत्री ने जिस तरह कोई भूखा ना सोए का आह्वान करने पर जिले भर के भामाशाह और किसान आगे आए थे। ठीक उसी प्रकार चारे की कमी के बीच जिले के भामाशाह व किसान आगे आए हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि अब हम जिले भर में गोशालाओं में चारे का प्रबंधन अच्छे से कर पाएंगे। उन्होने कहा कि पशु चारे की कमी को देखते हुए जिले की 220 गोशालाओं को 34 करोड़ का अनुदान तत्काल जारी किया गया। नियमानुसार तीन वर्ष से जो गोशाला नहीं चल रहे, उनको भी अनुदान देने का प्रस्ताव सरकार को भिजवाने की बात कही। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री किसान मित्र ऊर्जा योजना समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने की किसानों से अपील की। कृषि आदान विक्रेता संघ के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण ने कहा कि संघ जिले भर के किसानों को हरे चारे का बीज नि:शुल्क उपलब्ध करवाएगा। इसको लेकर किसान कृषि आदान विक्रेता संघ ने ब्लॉक वाइज पदाधिकारियों की नियुक्ति की है।किसान नोहर में संजय मोदी, भादरा में हरदत्त गोदारा, संगरिया में कुलदीप सहारण, टिब्बी में सुरेन्द्र कुमार, जंक्शन में गुरनेक सिंह तूर, टाउन में विजय कुमार रोंता, गोलूवाला में लक्षेर सिंह, पीलीबंगा में बाबूलाल जिंदल और रावतसर में हंसराज गोदारा से संपर्क कर हरे चारे के बीज के किट मुफ्त में प्राप्त कर सकते हैं।

कोहला में वन विभाग की करीब 100 बीघा जमीन पर उगाएंगे हरा चारा
डीएफओ करण सिंह काजला ने बताया कि वन विभाग के कोहला फार्म में कम से कम 100 बीघा जमीन में हरे चारे की बुवाई गोशालाओं के लिए की जाएगी। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. ओम प्रकाश किलानियां ने बताया कि जिले की 220 गौशालाओं का अनुदान जारी कर दिया गया है। कृषि विभाग के उपनिदेशक दानाराम गोदारा ने किसानों से हरे चारे की अधिक से अधिक बुवाई की अपील की।कृषि विभाग के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आत्मा बलबीर खाती ने कहा कि अब प्रत्येक गौशाला स्तर पर अजोला को वैकल्पिक चारे के रूप में उत्पादन की आवश्यकता है। अजोला में 25 से 30 प्रतिशत प्रोटीन व खनिज होते हैं। इसमें सभी पोषक तत्व जैविक रूप में होते हैं जिनका 100 फीसदी पाचन संभव होता है। एक साल में एक हैक्टेयर में 80 से 100 टन अजोला का उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/amidst-the-shortage-of-fodder-129-farmers-of-the-district-came-forwar-7518514/

Comments