समझाइश के बाद हुआ पोस्टमार्ट्म, शव का गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

हनुमानगढ़- संगरिया कस्बे की गुरुनानक बस्ती स्थित वार्ड २८ में शुक्रवार रात रंजिशवश ससुर की हत्या करने वाले आरोपी दामाद को गिरफ्तार करने की मांग लेकर मोहल्लावासियों एवं परिजनों ने जन प्रतिनिधियों के नेतृत्व में पुलिस थाना समक्ष रविवार सुबह ११ बजे चिलचिलाती धूप में धरना-प्रदर्शन किया। आरोप-प्रत्यारोपों के बीच वे एकजुट होकर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास करने और परिवार के लोगों पर दवाब बनाने की मांग मुखरित करने लगे। जिस पर थाना प्रभारी विजय कुमार, एसआई ईमीचंद ने समझाईश कर अपना पक्ष भी रखा लेकिन कार्रवाई नहीं होने तक मृतक के शव का पोस्टमॉर्ट्म कराने से उन्होंने स्पष्ट इंकार कर दिया। लोगों के आक्रोश चलते माहौल गर्माहट भरा रहा।

करीब एक घंटे बाद प्रतिनिधि मंडल में शामिल मृतक के भाई डॉ.तारासिंह, पार्षद एडवोकेट अनिल भोबिया, हंसराज वर्मा, विजय पाल, सचिन माहौर व निर्मलसिंह, कुलदीप कटारिया, राज किंगरा समेत दर्जनों लोगों के साथ थाना प्रभारी कक्ष में तहसीलदार विनोद पूनियां व सीआई विजय कुमार ने वात्र्ता कर समझाइश की। उन्होंने शव का पोस्टमॉर्ट्म, बयान व अन्य कार्रवाई पूरी करवाने को कहा। काफी देर चले प्रयासों के बाद मृतक के शव का पोस्टमॉर्ट्म उपरांत अंतिम संस्कार करवाने पर सहमति बनी। पुलिस-प्रशासन ने आरोपी को पकडऩे, उसके घर पर पुलिस पहरा लगाने, सूचना-तंत्र ओर अधिक सक्रिय कर मामले में शीघ्र अपेक्षित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। वहीं, प्रतिनिधि मंडल ने मांग के अनुरुप कार्रवाई नहीं होने पर पुन: थाने का घेराव कर सड़क जाम करने की चेतावनी दी है। इसके बाद करीब डेढ़ बजे राजकीय अस्पताल में डॉ. अरविंद शर्मा, डॉ.भूपेंद्र आदि के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्ट्म करवा शव परिजनों को सौंपा। जिसका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ।

ये है मामला
कस्बा के वार्ड २८ निवासी डॉ. तारासिंह ने प्रकरण में आरोप लगाया कि उसके भाई भोलासिंह (५६) पुत्र चंदसिंह की लड़की प्रवीण गांव किंगरा तहसील मंडी डबवाली (हरियाणा) के सुरेंद्र सिंह से विवाहित है। उसके दो बच्चियां हैं। शादी के बाद से उसका पति, ससुर जगराज सिंह व जेठ मनजीतसिंह दहेज की मांग लेकर उससे मारपीट करते थे। करीब चार-पांच दिन पूर्व तीनों ने प्रवीण को मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसके बाद वह पीहर में अपने पिता के पास रह रही थी। रंजिशवश सुरेन्द्र सिंह शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे आया। तू-तड़ाक के बाद घर से बाहर कुर्सी पर बैठे मृतक भोलासिंह पर लोहे के कापा की बट से ताबड़तोड़ वार कर दिए। उसे मकान की सीढिय़ों से घसीटा। शोर होने पर छुड़वाने पहुंचे लोगों को देखकर वह कार लेकर मौके से फरार हो गया। जाते वक्त परिवार के अन्य लोगों को मारने की धमकी दी।

परिजन भोलासिंह को सरकारी अस्पताल लाए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने धारा ४९८ए एवं ३०२ आईपीसी में प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरु कर दी लेकिन परिजन आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही मृतक का पोस्टमॉर्ट्म करवाने पर अड़ गए। शव लेने से इंकार कर दिया। जिसके बाद अस्पताल मोर्चरी में शव पड़ा रहा। पुलिस टीमें आरोपी को तलाश में लगी रही पर कोई भी सुराग नहीं लग पाया। मृतक की पत्नी जसवीरकौर, भाई तारासिंह, पुत्री प्रवीण, पार्षद निर्मलसिंह, पड़ौसी महावीर एवं पार्षद एडवोकेट अनिल भोबिया ने आरोप लगाया कि आरोपी सुरेंद्रसिंह परिवार की हत्या करने की मंशा से आया था। नशे में धुत्त होकर उत्पात मचाया। कापा व लोहे की पाईप आदि बरामद हो चुके। पुलिस ने अभी तक आरोपी को नहीं पकड़ा है। इससे परिवार भयाक्रान्त है। पूर्व चेतावनी अनुसार रविवार को थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया। [पसं.]



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/crime-1-7457987/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष