हनुमानगढ़ जिले के दस पुलिसकर्मी निलम्बित

हनुमानगढ़ जिले के दस पुलिसकर्मी निलम्बित
- एक एसएचओ सहित नौ कांस्टेबल व हैड कांस्टेबल किए जा चुके निलम्बित
- मादक पदार्थों के तस्करों से मिलीभगत, बलात्कार के प्रयास के आरोपियों संग थाने में डांस करने पर कार्रवाई
हनुमानगढ़. जिले में पिछले सात दिन में दस पुलिसकर्मी निलम्बित किए जा चुके हैं। निलम्बन का कारण भी बड़ा गंभीर है। नशे के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने, उनसे मिलीभगत करने तथा बलात्कार के प्रयास के आरोपियों संग थाने में डांस करने जैसे आरोपों के चलते पुलिसकर्मी निलम्बित किए गए हैं। इनमें से नौ को आईजी बीकानेर ओमप्रकाश ने तथा एक कांस्टेबल को एसपी डॉ. अजय सिंह ने निलम्बित किया है। एसपी की ओर से जारी व्हाट्सएप नंबर पर मिली शिकायत और उसका प्रारंभिक पड़ताल में सत्यापन होने पर गुरुवार को थालड़का पुलिस चौकी के कांस्टेबल को एसपी ने निलम्बित किया। एसपी की ओर से जारी आदेश के अनुसार कांस्टेबल पवन कुमार के खिलाफ मादक पदार्थों के तस्करों से मिलीभगत, नशे की तस्करी संबंधी मामलों में जान बूझकर समयबद्ध कार्रवाई नहीं करने, उसे टालने आदि के संबंध में विभागीय जांच प्रस्तावित है। इसके चलते पवन कुमार को निलम्बित कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई नहीं करने, उनके साथ मिलीभगत जैसे आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में आमजन भी तथ्यात्मक शिकायत जारी किए गए नम्बर दे सकता है। साथ ही नशे की तस्करी संबंधी सूचना भी दे। शिकायतकर्ता का नाम पूर्णत: गोपनीय रखा जाएगा। गौरतलब है कि पल्लू थाने के प्रभारी रहे अमर सिंह को 22 अप्रेल को निलम्बित कर दिया गया था। उनके साथ पल्लू थाने के आठ पुलिसकर्मियों को भी निलम्बित किया गया था। बलात्कार के प्रयास के आरोपियों संग थाने में होली पर रंग खेलने एवं डीजे पर डांस करने के मामले में पल्लू थाना प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मियों पर आईजी ओमप्रकाश के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई थी।



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ten-policemen-of-hanumangarh-district-suspended-7498605/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष