बॉर्डर पर बीएसएफ की सख्ती तो पंजाब के स्मगलर इधर आने की ताक में

बॉर्डर पर बीएसएफ की सख्ती तो पंजाब के स्मगलर इधर आने की ताक में
- पीसी में पुलिस महानिरीक्षक इंटेलीजेंस रूपिन्द्र सिंह बोले
- तस्करी के प्रकरणों में तह तक जाकर पड़ताल का सतत प्रयास
हनुमानगढ़. बॉर्डर एरिया में बीएसएफ की सख्ती व चौकसी के चलते पंजाब के तस्कर इधर आने की ताक में हैं। इसलिए यहां पुलिस को सतर्क रहने की जरूरत है। यह बात पुलिस महानिरीक्षक इंटेलीजेंस रूपिन्द्र सिंह ने शनिवार को डीएसपी कार्यालय में पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि पंजाब क्षेत्र में कहा जाता है कि राजस्थान से नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है। यहां पंजाब क्षेत्र के लिए वही बात कही जाती है। मगर यह सब ऐतिहासिक तथ्य हैं। अब मोबाइल-इंटरनेट के जमाने में सारी सीमाएं टूटी हैं तथा तस्करी के तौर-तरीके भी बदले हैं। पंजाब में पकड़े गए तस्करी के कई मामलों के तार यहां तक मिले हैं, वहीं यहां पकड़े गए मामलों के तार पंजाब तक पहुंचे हैं। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर सामंजस्य है। इससे जांच-पड़ताल शीघ्रता से संभव हो रही है।
चिट्टे की तस्करी के मामलों में नाईजीरियन गैंग की संलिप्तता व उनकी धरपकड़ के सवाल पर आईजी सिंह ने कहा कि पुलिस तस्करी सहित हर तरह के अपराध की तह तक जाकर जांच का प्रयास करती है। विधिक सीमाओं में रहकर पुलिस काम करती है। हालांकि कुछ कानूनी अड़चने भी होती हैं। एसपी प्रीति जैन ने बताया कि सिंचाई पानी चोरी रोकने के लिए नोहर में खोले गए थाने के भवन निर्माण के लिए बजट मंजूर हो चुका है। भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होते ही भवन निर्माण शुरू हो जाएगा।
डीएसटी को साधन-सुविधाएं मुहैया कराने के सवाल पर एसपी ने कहा कि डीएसटी को अलग से संसाधनों की जरूरत नहीं है। पुलिस थानों में जो तमाम सरकारी साधन-संसाधन हैं, उनका इस्तेमाल डीएसटी कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी जस्साराम बोस, डीएसपी प्रशांत कौशिक, पीआरओ सुरेश बिश्नोई आदि मौजूद रहे। इससे पहले डीएसपी कार्यालय में आईजी सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आईजी ने रिजर्व पुलिस लाइन का अवलोकन किया। संपर्क सभा के दौरान पुलिस कर्मियों की समस्याएं जानी। इस दौरान आईजी ने कहा कि संपर्क सभा का आयोजन करना भी एक तरह से पुलिस का तनाव दूर करने का तरीका है।
बढ़ाया जाए डिस्पोजल
थानों में जब्त वाहनों के पड़े-पड़े कबाड़ होने व नीलामी प्रक्रिया शीघ्र अपनाई जाने के सवाल पर आईजी सिंह ने कहा कि जब्त वाहन वगैरह कोर्ट व केस प्रोपर्टी है। पुलिस केवल कस्टोडियन है। इतना है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका डिस्पोजल बढ़ा दिया जाए।



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/bsf-s-strictness-on-the-border-smugglers-of-punjab-waiting-to-come-he-7195163/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष