1090 डिग्गियों के अनुदान का रास्ता साफ

1090 डिग्गियों के अनुदान का रास्ता साफ
-जिले को ३३४७.३०० लाख रुपए का बजट जारी
-३१ मार्च तक निर्माण कार्य पूर्ण करवाने का लक्ष्य

हनुमानगढ़. मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना के तहत वर्ष २०२१-२२ में जिले में १०९० किसानों के खेतों में डिग्गी बनाने का कार्य पूर्ण किया जाएगा। इसमें सामान्य श्रेणी के तहत निर्मित डिग्गी व पौंड के अनुदान संबंधी भुगतान के लिए राज्य सरकार ने बजट आवंटन प्रक्रिया पूर्ण कर दी है। जिले में डिग्गी अनुदान के लिए सरकार ने ३३४७.३०० लाख रुपए का बजट जारी किया है। इसमें प्रति किसान को तीन लाख रुपए के हिसाब से अनुदान जारी किया जाएगा।
उक्त आवंटित बजट से सामान्य श्रेणी में निर्मित फार्म पौंड एवं डिग्गियों का ूपूरा अनुदान जारी किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति श्रेणी के तहत निर्मित डिग्गी एवं फार्म पौंड के टॉपअप अनुदान भी उक्त आवंटित बजट से किया जाएगा। जिले में डिग्गी निर्माण की योजना वर्ष २००१-२००२ में शुरू की गई थी। शुरुआती वर्ष में डिग्गी निर्माण पर ४० हजार का अनुदान दिया गया था। इसके बाद अनुदान राशि दो लाख की गई। अब तीन लाख रुपए सरकार स्तर पर अनुदान दिया जा रहा है। इसके लिए किसान के पास आधा हैक्टेयर भूमि व सिंचाई पानी की बारी की पर्ची का होना जरूरी है।

लक्ष्य पर नजर
चालू वर्ष में जिले में मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना के तहत १०९०, पीएम कृषि सिंचाई योजना में एसई वर्ग के ६०, अटल भूजल योजना में तीस तथा आरडब्ल्यूएसएलआईपी योजना के तहत ८९ डिग्गियों का निर्माण करवाने का लक्ष्य है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर कृषि विभाग की टीम स्वीकृतियां जारी करने में लगी हुई है। ३१ मार्च तक डिग्गी निर्माण कार्य पूर्ण करने की बात अधिकारी कह रहे हैं।

इतने किसान फिर भी कतार में
केंद्र व राज्य सरकार स्तर पर डिग्गी निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। इसमें राज किसान साथी पोर्टल पर करीब आठ हजार किसानों ने आवेदन किया हुआ है। इसमें चालू वर्ष में १२६९ डिग्गियों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इस तरह करीब सात हजार किसान अब भी डिग्गी निर्माण के लिए कतार में खड़े हैं।

क्या होगा फायदा
डिग्गी निर्माण के बाद खेतों में किसान आगे उपयोगिता के हिसाब से सिंचाई पानी का उपयोग कर सकेंगे। डिग्गी निर्माण के बाद फव्वारा या ड्रिप सिस्टम लगाने की योजना को भी सरकार प्रोत्साहित कर रही है। इस तरह सिंचाई पानी की छीजत कम होगी। जल बचत होने पर अधिकतम क्षेत्र में कृषि कार्य करना संभव होगा।

किस जिले को कितना बजट
बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर जिले में ३४३३.८०८, हनुमानगढ़ में ३३४७.३०० लाख, बीकानेर जिले को ३२७४.२२५ लाख व चूरू जिले को ५४.३०० लाख रुपए का बजट अनुदान जारी किया गया है। प्रति किसान को तीन लाख रुपए के हिसाब से डिग्गी निर्माण पर अनुदान जारी किया जाएगा।

......फैक्ट फाइल.....
-जिले में १०९० डिग्गियों के निर्माण को लेकर ३३४७.३०० लाख रुपए का बजट अनुदान जारी।
-चालू वर्ष में जिले में कुल १२६९ डिग्गियों के निर्माण का लक्ष्य आवंटित किया गया है।
-प्रति किसान को डिग्गी निर्माण पर ०३ लाख रुपए का अनुदान मिलेगा।
-जिले में करीब सात हजार किसान अब भी डिग्गी निर्माण को लेकर कतार में खड़े हैं।

.......वर्जन..........
जल बचत को प्रोत्साहन
जिले में १०९० डिग्गियों का अनुदान जारी करने को लेकर बजट जारी कर दिया गया है। ३१ मार्च तक डिग्गियों का निर्माण पूर्ण करवाने का प्रयास है। इससे जल बचत मुहिम को प्रोत्साहन मिलेगा। किसानों को सिंचाइ्र्र पानी भंडारण में दिक्कत नहीं आएगी।
-बीआर बाकोलिया, कृषि अधिकारी, हनुमानगढ़



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/clear-the-way-for-the-grant-of-1090-digi-7200330/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष