बीबीएमबी की बैठक में अगले माह का शेयर निर्धारित
बीबीएमबी की बैठक में अगले माह का शेयर निर्धारित
-नवम्बर में राजस्थान को मिलने वाले सिंचाई पानी की तस्वीर हुई साफ
-अब किसान समय पर कर सकेंगे रबी फसलों की बिजाई
हनुमानगढ़. भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) की बैठक बुधवार को चंडीगढ़ में हुई। इसमें राजस्थान सहित अन्य राज्यों को नवम्बर में मिलने वाले सिंचाई पानी का निर्धारण किया गया। राजस्थान की तरफ से बैठक का प्रतिनिधित्व जल संसाधन विभाग उत्तर संभाग हनुमानगढ़ के मुख्य अभियंता अमरजीत मेहरड़ा ने किया। उन्होंने बताया कि नवम्बर में राजस्थान की इंदिरागांधी नहर को तीन में एक समूह में चलाने जितना पानी देने का प्रस्ताव बीबीएमबी चैयरमेन के समक्ष रखा गया। इस पर चैयरमेन ने सहमति प्रदान कर दी। इस तरह पूरे नवम्बर माह में इंदिरागांधी नहर को तीन में एक समूह में चलाने का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने बताया कि पूरे नवम्बर में इंदिरागांधी नहर में ७७५०, भाखड़ा में १२००, खारा में २५०, सिद्धमुख नोहर में ५०० क्यूसेक पानी चलेगा। इसी तरह गंगकैनाल में एक से दस नवम्बर तक १६०० व ११ से ३० नवम्बर तक १८०० क्यूसेक पानी चलाया जाएगा। उक्त शेयर को लेकर बीबीएमबी ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। गौरतलब है कि चालू रबी सीजन में इंदिरागांधी नहर का रेग्यूलेशन जारी करने को लेकर सितम्बर में जल परामर्शदात्री समिति की बैठक हनुमानगढ़ में हुई थी। इसमें भाजपा विधायकों ने विभाग के रेगयूलेशन को नामंजूर कर दिया था। इसके बाद किसान संगठनों ने विभागीय रेग्यूलेशन का विरोध शुरू कर दिया। घड़साना सहित अन्य जगहों पर आंदोलन उग्र होने पर राज्य सरकार ने किसानों की मांग को मानते हुए इंदिरागांधी नहर को चार में एक समूह में चलाने की बजाय तीन में एक समूह में चलाने की मांग को मान लिया। अब बीबीएमबी ने भी इस रेग्यूलेशन के अनुसार नहरों को चलाने जितना पानी देने पर स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस तरह अगले माह किसान रबी फसलों की बिजाई समय पर कर सकेंगे।
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/next-month-s-share-fixed-in-bbmb-meeting-7147181/
Comments
Post a Comment