नशे की खुराक के लिए लूट लेता है मोबाइल फोन

नशे की खुराक के लिए लूट लेता है मोबाइल फोन
- युवक के कब्जे से लूटा गया मोबाइल जब्त
- युवती का फोन छीनकर भागते समय लोगों ने पकड़कर पीटा
हनुमानगढ़. टाउन पुलिस ने युवती का मोबाइल छीनने के मामले में गिरफ्तार युवक के कब्जे से रविवार को मोबाइल बरामद कर लिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी हरप्रीत उर्फ चिप्पी पुत्र प्रतापसिंह मजहबी निवासी टीपांवाली पीएस अरनीवाला जिला फाजिल्का, पंजाब नशा करने का आदी है। इसके लिए वह छीनाझपटी की वारदात को अंजाम देता है। उसे रिमांड अवधि समाप्त होने पर सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि जंक्शन बस स्टैंड के बाहर युवती का मोबाइल फोन छीनकर भागते समय युवक को लोगों ने पकड़ लिया था। उसकी धुनाई कर जंक्शन पुलिस को सौंप दिया। उसे पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। इसी युवक ने टाउन में वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में टाउन थाने में युवक के खिलाफ नामजद मामला दर्ज हुआ था। डिम्पल कुमार (46) पुत्र मुंशीराम अरोड़ा निवासी भभूतासिद्ध कॉलोनी, टाउन ने टाउन थाने में मामला दर्ज कराया था। उसने पुलिस को बताया था कि 24 अगस्त की शाम उसकी पत्नी वीना रानी व 18 वर्षीय पुत्री श्रुति बाजार से घर आ रही थी। लालाजी चौक की तरफ से बाइक पर आया युवक उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना जाकर पता किया तो उसकी पुत्री का मोबाइल फोन छीनने वाला वही युवक था जिसने जंक्शन बस स्टैंड पर युवती का फोन छीना था। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के प्रयास के आरोप में तीन जने गिरफ्तार
हनुमानगढ़. मक्कासर सरपंच व वार्ड पंच पर जानलेवा हमला करने के मामले में जंक्शन पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में अब तक पांच जनों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों की पहचान पवन कुमार (20) पुत्र रामकुमार उर्फ रामलाल मेघवाल, पवन कुमार (24) पुत्र हरिराम मेघवाल व शुभम (19) पुत्र पप्पूराम नायक सभी निवासी मक्कासर के रूप में हुई। जंक्शन थाना प्रभारी नरेश गेरा ने बताया कि इस मामले में जगसीर सिह उर्फ रणजीत सिंह व संजू उर्फ संजय उर्फ विक्रम को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जा चुका है। कुल नौ जनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोपी पवन कुमार पुत्र रामकुमार उर्फ रामलाल मेघवाल को नोयडा से दस्तयाब किया गया। उससे पूछताछ के बाद आरोपी पवन कुमार पुत्र हरिराम मेघवाल व शुभम को गिरफ्तार किया। प्रकरण में फरार चल रहे शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि 19 अगस्त को पूर्णराम पुत्र मंगलाराम मेघवाल निवासी मक्कासर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 18 अगस्त को वार्ड पंच राकेश व सरपंच बलदेव सिंह गांव में बैठे थे। तभी गांव के चनण सिंह का सरपंच बलदेव सिंह के पास फोन आया कि नशे के खिलाफ लिखित शिकायत करने की रंजिश में उसके पड़ोसी उसे गालियां निकाल रहे हैं। इस पर वार्ड पंच राकेश व सरपंच बलदेव सिंह समझाइश के लिए मौके पर गए तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/robbers-mobile-phone-for-a-dose-of-intoxicant-7037007/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष