शातिर बदमाशों ने हनुमानगढ़ में नए तरीके से लगाया बैंक को लाखों रुपए का चूना
हनुमानगढ़. सायबर क्राइम के बढ़ते मामलों के बीच एटीएम की नकदी पर नए तरीके से डाका डालने की वारदात सामने आई है। जिला मुख्यालय क्षेत्र में सक्रिय गिरोह एटीएम टेम्परिंग के जरिए बैंकों को चूना लगा रहा है। टाउन में अरोड़वंश धर्मशाला के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से सोमवार सुबह अज्ञात जने लाखों रुपए की नकदी चुराकर ले गए। यह इस गिरोह की चौथी वारदात बताई जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक ढाई लाख रुपए शातिर बदमाश उड़ा ले गए। हालांकि बैंक प्रबंधन ने जांच के बाद ही पूरी राशि बताने की बात कही है। इस संबंध में शाम तक पुलिस को परिवाद नहीं दिया गया। महत्वपूर्ण बात यह है कि सोमवार को जब यह मामला सामने आया तो बैंक अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि एटीएम टेपरिंग के पिछले दिनों में चार केस सामने आ चुके हैं। यह बात अलग है कि अब तक इन वारदातों को लेकर कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है। इसकी वजह बैंक प्रबंधन की आंतरिक पड़ताल बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार टाउन में अरोड़वंश धर्मशाला के पास स्थित कोठारी कॉम्पलेक्स में एसबीआई का एटीएम है। सोमवार सुबह 6 बजकर 2 मिनट पर एक जना एटीएम में घुसा। उसके दूसरा साथी ने बाहर खड़े रहकर निगरानी की। अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कक्ष में घुसते ही सीसीटीवी कैमरे पर टेप चिपका दी ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके। हालांकि टेप चिपकाते समय मास्क पहने अज्ञात जने का चेहरा कुछ दिख रहा है। इसके बाद युवक ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर करीब ढाई लाख रुपए की नकदी निकाल ली। अज्ञात जनों ने एटीएम से 500-500 रुपए के 500 नोट निकाले। बैंक अधिकारियों की सूचना पर टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बैंक अधिकारियों से बात कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। इसमें दो संदिग्ध नजर आए।
अब बताया निकाली नकदी
खास बात यह कि मौके पर जांच-पड़ताल कर रहे पुलिस अधिकारियों को बैंक अधिकारियों ने बताया कि पिछले चार दिनों में जंक्शन के चूना फाटक, भगतसिंह चौक व सदर पुलिस थाना क्षेत्र के गांव डबलीराठान स्थित एटीएम मशीन से भी इसी तरह छेड़छाड़ कर लाखों रुपए की नकदी निकाल ली गई है। डबलीराठान स्थित एटीएम मशीन से करीब दो-ढाई लाख रुपए की नकदी निकालने की जानकारी दी गई। हालांकि इनमें से किसी घटना को लेकर सोमवार तक कोई मामला संबंंधित थाने में दर्ज नहीं कराया गया।
जयपुर तक अलर्ट संदेश
अज्ञात आरोपियों ने जब सीसीटीवी कैमरे पर टेप चिपका कर एटीएम मशीन से छेड़छाड़ की तो जयपुर में बैंक प्रबंधन के पास अलर्ट मैसेज चला गया। इसके बाद जयपुर के बैंक अधिकारियों ने इसकी जानकारी बैंक के स्थानीय अधिकारियों को दी। स्थानीय अधिकारियों ने टाउन पुलिस को सूचना दी। लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची अज्ञात जने वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
सुबूत के साथ देंगे परिवाद
हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर के बैंक प्रतिनिधि आदित्य काटजू ने बताया कि एटीएम मशीन से कितने रुपए चुराए गए इस बारे में अभी पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। फिर भी एलओपी काउंटर में एटीएम से 500 रुपए के 500 नोट निकालने की बात सामने आई है। मगर जब तक एटीएम खोलकर जांच नहीं की जाती तब तक इस बारे में सही जानकारी नहीं मिल सकती। एटीएम मशीन में पैसे डालने का टेंडर टीएसआई के पास है। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर में इस तरह के जितने भी टेम्परिंग के केस हुए हैं, उसमें प्रूफ के साथ पुलिस को परिवाद सौंपा जाएगा। ऐसे मामलों में उपभोक्ता अपना एटीएम कार्ड इस्तेमाल करता है।
एटीएम मशीन में चिमटी फंसाकर रुपए निकाले जाते हैं। खाताधारक को कोई नुकसान नहीं होता और यह नुकसान बैंक को होता है। इस संबंध में मंगलवार को बीकानेर से हनुमानगढ़ आकर मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। जिला पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर वस्तुस्थिति की जानकारी देंगे। चार अगस्त को कार्यभार संभालने के बाद इस तरह की वारदातों को लेकर दो मुकदमे दर्ज करवाए चुके हैं।
श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में भी एटीएम टेंपरिंग का मामला सामने आया था। इस संबंध में सादुलशहर थाने में मुकदमा दर्ज करवाकर पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाई गई। दो दिन पहले सिलवाला में भी लूट का प्रयास हुआ। उसको लेकर भी एफआईआर दर्ज करवाई थी। काटजू ने बताया कि किन एटीएम से ठगों ने रुपए निकाले हैं, वह खाते किसके नाम पर हैं, इसकी जांच की जा रही है। संभवतया अलग-अलग एटीएम से कई बार ट्राजेंक्शन कर रुपए निकाले गए हैं। चारों एटीएम के कैश का मिलान किया जा रहा है। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कितना कैश निकाला गया है।
ऐसे निकाली नकदी
अज्ञात बदमाशों ने एटीएम मशीन में एटीएम कार्ड लगाकर पैसे निकाले। जब पूरी प्रक्रिया के बाद मशीन से पैसे बाहर निकले तो उन्होंने मशीन की ट्रे से पैसे नहीं उठाए। जब पैसे नहीं उठाए तो मशीन ने पैसों को वापस जमा करने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान बदमाशों ने हाथ से मशीन की शटर को रोक लिया। फिर जितना कैश निकाला था, उसमें कुछ पैसे उठा लिए और कुछ पैसे ट्रे पर ही रहने दिए। यह पैसे मशीन में जमा हो गए। मशीन में पैसे पहुंचने के बाद ट्रांजेक्शन फेल बता दिया और खाते से पैसे भी नहीं कटे। जैसे कि किसी ने मशीन से 20 हजार रुपए निकाले। इनमें से उसने आधे ही उठा लिए। शेष राशि ट्रे पर ही रहने दी जो मशीन में जमा हो गई। इस तरह दस हजार रुपए निकालने वाले के पास रह गए और खाते से कोई कटौती भी नहीं हुई।
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/vicious-miscreants-duped-the-bank-of-lakhs-of-rupees-in-a-new-way-in-h-7039013/
Comments
Post a Comment