चोरों की धमाचौकड़ी रोकने के लिए चोर-पुलिस में चलेगा 'चील-चूहा' एक्शन
चोरों की धमाचौकड़ी रोकने के लिए चोर-पुलिस में चलेगा 'चील-चूहा' एक्शन
- सूने घरों को चोरी की वारदात से बचाने के लिए टाउन पुलिस ने शुरू की 'ईगल आई' हेल्पलाइन
- यह नवाचार करने वाला जिले का पहला थाना, पब्लिक ने किया सहयोग तो रुकेगी चोरी
हनुमानगढ़. शहर में चोरों की धमाचौकड़ी बढऩे से पुलिस से लेकर पब्लिक तक सब परेशान हैं। जिला मुख्यालय पर ही चार-पांच दिन के अंतराल में चोरी की वारदात हो जाती है। इस पर अंकुश लगाने के लिए टाउन थाना पुलिस ने नई पहल करते हुए हेल्पलाइन नम्बर जारी किया है। इसे 'ईगल आई हेल्पलाइनÓ नाम दिया गया है। मतलब कि अब चूहे चोरों पर पुलिस चील जैसी पैनी नजर रखकर उनको दबोचने का प्रयास करेगी।
हेल्पलाइन मोबाइल नम्बर पर केवल व्हाट्सअप मैसेज भेजने की सुविधा रखी गई है। टाउन क्षेत्र का कोई निवासी मकान पर ताला जड़कर यदि शहर से बाहर जा रहा है तो उसे इसकी जानकारी हेल्पलाइन नम्बर पर व्हाट्सअप संदेश के जरिए पुलिस को देनी होगी। इसके बाद थाने का ड्यूटी अधिकारी व गश्ती दल संबंधित मकान तथा इलाके में निगरानी करेंगे।
यह देनी होगी जानकारी
ईगल आई हेल्पलाइन नम्बर 9530432529 पर मकान सूना छोड़कर जाने वाले व्यक्ति को अपना पूरा पता, बाहर जाने की अवधि, मकान की लोकेशन तथा मकान के मुख्य द्वार की बाहर से फोटो आदि व्हाट्सएप करनी होगी। इससे पुलिस के गश्ती दल को संबंधित मकान की निगरानी करने में आसानी रहेगी।
गश्ती दल भेजेगा वीडियो
टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण ने बताया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस का गश्ती दल निगरानी करेगा। निगरानी की निगरानी के लिए यह व्यवस्था की गई है कि गश्ती दल को संबंधित मकान के बाहर जाकर वीडियो बनाकर व फोटो खींचकर हेल्पलाइन नम्बर पर भेजनी होगी। इससे निगरानी व्यवस्था पुख्ता हो सकेगी। एसपी प्रीति जैन ने सूने मकानों में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने, प्रभावी गश्त व मॉनिटरिंग के निर्देश दिए थे। उनकी पालना में यह प्रयास शुरू किया गया है। एएसपी जस्साराम बोस व डीएसपी प्रशांत कौशिक के मार्गदर्शन में ईगल आई हेल्पलाइन का संचालन किया जाएगा।
प्रयास अच्छा, यह आशंका
टाउन थाना पुलिस का यह प्रयास अच्छा है। बढ़ती चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को इस तरह के विशेष प्रयास करने होंगे। हालांकि इसमें पुलिस स्टाफ की कमी समस्या बन सकती है। इसके अलावा यदि किसी व्यक्ति के हेल्पलाइन नम्बर पर तमाम जानकारी साझा करने के बाद भी चोरी की वारदात हो गई तो पुलिस की साख खतरे में पड़ सकती है। फिर भी तमाम आशंकाओं को दरगुजर कर पुलिस को इस विशेष प्रयास के लिए साधुवाद। यह प्रयास रंग लाए तो संभव है कि जिला व प्रत्येक थाना स्तर पर ऐसी हेल्पलाइन प्रारंभ हो जाए।
साझा प्रयासों से अच्छे परिणाम
सूने मकानों में चोरी की वारदातें रोकने के उद्देश्य से यह प्रयास किया जा रहा है। जिला व प्रदेश में यह प्रयास पहली दफा टाउन थाने में ही किया गया है। आमजन भी हेल्पलाइन संचालन में व चोरी की वारदातों को रोकने में पुलिस का सहयोग करे। पुलिस-पब्लिक के साझा प्रयासों से निश्चित तौर पर चोरी की वारदातों पर अंकुश लग सकेगा। - दिनेश सारण, थाना प्रभारी टाउन।
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/to-stop-the-riot-of-thieves-chile-rat-action-will-be-run-in-the-thi-7031392/
Comments
Post a Comment