सभी शिक्षकों के सहयोग से जिले को फिर से नंबर वन पर लाने की तैयारी

सभी शिक्षकों के सहयोग से जिले को फिर से नंबर वन पर लाने की तैयारी
जिले के तीन-तीन आदर्श व उत्कृष्ट विद्यालयों के संस्था प्रधानों का शिक्षक सम्मान के लिए किया गया अनुमोदन
हनुमानगढ़. शिक्षा विभाग से जुड़ी हुई जिला निष्पादन समिति की बैठक शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौैंकरिया की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें जिले के तीन आदर्श और तीन उत्कृष्ट विद्यालयों के संस्था प्रधानों का राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए अनुमोदन किया गया। आदर्श विद्यालयों में जिन तीन विद्यालयों का अनुमोदन किया गया उनमें भादरा का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डाबड़ी, संगरिया का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय संगरिया, रावतसर का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खोड़ा शामिल है। वहीं उत्कृष्ट विद्यालयों में जिन तीन विद्यालयों का अनुमोदन किया गया उनमें पीलीबंगा का राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय अमरसिंह वाला, नोहर का राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ और भादरा का राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय झांसल शामिल है। सहायक निदेशक सुभाष चंद्र घोटिया ने बताया कि अनुमोदन के बाद इन नामों को निदेशक को भिजवाया जाएगा। आदर्श व उत्कृष्ट विद्यालय योजना के क्रियान्वयन के आधार पर शिक्षक दिवस पांच सितंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में आदर्श व उत्कृष्ट विद्यालयों के तीन-तीन संस्थान प्रधानों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए जाने हैं। जिला स्तरीय मूल्यांकन व अनुशंसा समिति द्वारा जांच उपरांत पात्र आवेदनों को जिला निष्पादन समिति से अनुमोदन के बाद अब निदेशालय भिजवाए जाने हैं। बैठक में जिला निष्पादन समिति के सदस्य तरुण विजय ने कहा कि हनुमानगढ़ जिला करीब ढाई साल तक पूरे राज्य में नंबर वन रहा है। एक बार फिर सभी शिक्षकों के सहयोग से जिले को शिक्षा में रैंकिंग वन करने की आवश्यकता है। इस पर सभी शिक्षा अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि नामांकन में वृद्धि के जरिए इसी साल जिले को नंबर वन पर लाया जा सकता है।

यह रहे मौजूद
जिला स्तरीय बैठक में शिक्षा विभाग व साक्षरता प्रकोष्ठ सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पीआरओ सुरेश बिश्नोई, डीईओ माध्यमिक हंसराज, डीईओ प्रारंभिक रामेश्वर लाल, सहायक निदेशक सुभाष चंद्र घोटिया, डाइट प्रिंसिपल गौरी शंकर, एपीसी डॉ सुरेंद्र रॉयल,एडीपीसी जय सिंह रणवा, एपीसी जितेंद्र कुमार बटला, सीबीईओ पन्ना लाल कड़ेला, कृष्ण लाल सिहाग, शिवरतन वर्मा, चानन सिंह सैनी, एसीबीईओ रोहताश कुमार, मनोज कुमार, रतनलाल इंदलिया, जिला परियोजना अधिकारी प्रेम कुमार, सहायक परियोजना अधिकारी राजकुमार छाबड़ा,समसा सहायक अभियंता नवरत्न कुमार उपस्थित थे।

इन बिंदुओं पर भी चर्चा
बैठक में एडीएम रामरतन सौंकरिया ने कहा कि एक सितंबर से 9 से 12 वीं कक्षा तक के लिए स्कूल फिर से खुलने जा रहे हैं। इस दौरान कोरोना गाइडलाइन की पालना सभी स्कूलों में शत प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। साथ ही कहा कि वर्ष 2018-19 के बचे हुए निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करें। सभी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के प्रयास किए जाएं। जिले को नंबर वन बनाने के लिए 44 बिंदुओं में से जिन बिदुंओं में जिला पीछे रह रहा है उसमें सुधार करें। बैठक में एडीएम ने मीड-डे मील के अंतर्गत सूखे खाद्यान्न का वितरण, स्कूलों में पोधरोपण, नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक, पढऩा लिखना साक्षरता कार्यक्रम, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, आओ घर से सीखें, प्रवेशोत्सव, निर्माण कार्य, होनहार राजस्थान कार्यक्रम, समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/preparation-to-bring-the-district-back-to-number-one-with-the-help-of-7033337/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष