अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगी धातु बताकर दिखाए सब्जबाग, खरीदने आया तो लूट लिया
अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगी धातु बताकर दिखाए सब्जबाग, खरीदने आया तो लूट लिया
- रेड मरकरी विक्रय के लिए बुलाकर पैसे छीनने के आरोप में दो और गिरफ्तार
- अब तक आठ जने आ चुके पुलिस की गिरफ्त में
हनुमानगढ़. रेड मरकरी विक्रय के लिए बुलाकर तीन लाख रुपए छीनने के मामले में टाउन पुलिस ने बुधवार को दो जनों को गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में अब तक आठ लोगों को दबोचा जा चुका है। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जा चुका है। जांच अधिकारी एएसआई प्रकाशचन्द्र ने बताया कि तरसेम सिंह उर्फ सेम पुत्र श्रवण सिंह वाल्मीकि निवासी गांव छान, जिला हिसार तथा राजीव उर्फ बंटी पुत्र जगदीश वाल्मीकि गांव तितरम, जिला कैथल, हरियाणा को उनके गांवों से गिरफ्तार किया गया। दोनों को कोर्ट में पेश जेल भिजवा दिया। पूर्व में इस मामले में संदीप सिंह निवासी नाथांवाली थेहड़ी, उसके जीजा रणवीर सिंह उर्फ निक्का, लखवीर सिंह उर्फ लक्खा निवासी चक ज्वालासिंहवाला, फौजा सिंह उर्फ पप्पा निवासी सूरेवाला, सुखदेव सिंह निवासी सूरेवाला सहित छह जनों को पकड़ा जा चुका है। इस संबंध में सूरजभान पुत्र बनवारीलाल अरोड़ा निवासी गांव खुईयां नेपालपुर जिला सिरसा, हरियाणा ने तीन मार्च को मामला दर्ज कराया था। उसने बताया था कि दो मार्च को वह जमीन का सौदा करने के लिए कृष्ण सिंवर व सलामुदीन के टाउन आया। उसकी गाड़ी को चालक भीमसिंह चला रहा था। राजवी पैलेस के पास बाइक सवार एक जना आया। सलामुदीन बाइक पर बैठ गया। वे उन्हें गांव नाथांवाली थेड़ी ले गए। गांव में संदीप नामक व्यक्ति के घर पहुंचे। वहां विजय नाम का व्यक्ति भी बैठा था। इतने में पुलिस की वर्दी पहने दो जने व दो व्यक्ति सिविल कपड़ों में आए। उन्होंने विजय व बाइक सवार वाले लड़के के थप्पड़ मारे व कहा कि आप ठग्गी मार रहे हो। यह कहते हुए उन्होंने उसके हाथ से तीन लाख रुपए से भरा छीन लिया। बाहर खड़ी गाड़ी में सवार होकर चले गए। विजय व बाइक सवार को भी अपने साथ ले गए। उसके ड्राइवर भीमसिंह के अलावा कृष्ण व सलामुदीन भी वहां से भाग गए। घर के मालिक संदीप ने उसे कहा कि आप यहां क्या ठगी करने आए हो, आप यहां से चले जाओ। इस पर वह वहां से टैम्पो पर थाने आ गया। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस जांच के दौरान खुलासा हुआ कि परिवादी सूरजभान रेड मरकरी का सौदा करने आया था। आरोपियों ने आपस में साजिश कर पैसे छीन लिए और फरार हो गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक साजिश के तहत पहले तो ग्राहक को रेड मरकरी दिखाते हैं। फिर सौदा करने आने पर लूट कर लेते हैं। रेड मरकरी को लेकर यह अफवाह फैली हुई थी कि वह बहुत महंगी धातु है। ठग ट्यूब में मोबिल ऑयल और कलर मिलाकर रेड मरकरी तैयार कर ठगी करते।
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/showed-vegetables-in-the-international-market-as-expensive-metals-rob-6977276/
Comments
Post a Comment