जलदाय विभाग के अधिकारियों की सिर फुटोव्वल हो रही सार्वजनिक, आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी
जलदाय विभाग के अधिकारियों की सिर फुटोव्वल हो रही सार्वजनिक, आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी
- सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो
नोहर. जलदाय विभाग के अधिकारियों की आपसी लड़ाई अब सार्वजनिक हो गई है। जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता कृष्ण धारीवाल ने तो सार्वजनिक रूप से अधिशासी अभियंता ताराचंद पिलानिया पर भ्रष्टाचार व जनहित के कार्यों में रोड़े अटकाने जैसे आरोप लगा डाले हैं। कस्बे के नागरिकों की ओर से दूषित जल वितरण की शिकायतों के बाद शनिवार को हुए प्रदर्शन के संदर्भ में उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए यह बात कही। कनिष्ठ अभियंता धारीवाल ने कहा कि अधिशासी अभियंता कार्यालय में नियमों को ताक पर रखकर कार्य किए जा रहे हैं। इसकी किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच करवाई जाए तो कई बड़े घोटाले सामने आएंगे। उन्होंने अपने ही अधिशासी अभियंता ताराचंद पिलानिया पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पेयजल योजनाओं के लिए आने वाले पैसे का दुरुपयोग कर उन्होंने अपने कार्यालय व आवास पर मनमर्जी से पैसा खर्च डाला। इतना ही नहीं आमजन को साफ पेयजल पिलाने के उद्देश्य से जलदाय विभाग की डिग्गियों की सफाई का एस्टीमेट काफी समय पहले ही दिया जा चुका है। परंतु जनहित के कार्यों को नजरअंदाज कर अधिकारी अपनी जेबें भरने में मशगूल है।
कनिष्ठ अभियंता का आरोप है कि अधिशासी अभियंता ने उन पर कई गलत कार्यों के लिए दबाव बनाया। मना करने के बाद उन्हें प्रताडि़त किया जाने लगा। धारीवाल ने कहा कि उनकी तनख्वाह व बिलों को बेवजह रोका जा रहा है। इससे वे मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता पर ऑफलाइन टैंडर निकाल कर चहेते ठेकेदारों को काम देकर कमीशन वसूली करने के भी आरोप लगाए। इस संबंध में अधिशासी अभियंता ताराचंद पिलानिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जेइएन कृष्ण धारीवाल की ओर से लगाए गए आरोप तथ्यहीन व बेबुनियाद हैं। उनका कार्य क्षेत्र सहायक अभियंता कार्यालय है। वहीं से उनके बिल व तनख्वाह बनती है। इसमें मेरा कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि एइएन आलोक शर्मा भी उनके साथ मिलकर बेबुनियाद बातें फैला रहे हैं। दोनों अभियंता बिना अवकाश गायब रहते हुए कार्यालय के कार्यों में ध्यान नहीं दे रहे। वहीं जलदाय विभाग के अधिकारियों के आपसी विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर संदेश वायरल हो रहे हैं। इन पर आमजन तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहा है। आमजन का कहना है कि अधिकारियों की आपसी खिंचतान में हमें दूषित जल पीकर बीमारियों का शिकार होना पड़ रहा है। [नसं.]
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/the-head-of-the-water-department-officials-is-going-public-the-proces-6861968/
Comments
Post a Comment