दस जिलों की प्यास बुझाने वाली इंदिरागांधी नहर के रीलाइनिंग कार्य में धांधली की आशंका, जांच के लिए एसीबी ने लिए सैंपल
दस जिलों की प्यास बुझाने वाली इंदिरागांधी नहर के रीलाइनिंग कार्य में धांधली की आशंका, जांच
के लिए एसीबी ने लिए सैंपल
-जिला स्तरीय प्रशासनिक कमेटी भी इस मामले की अलग से कर रही जांच
हनुमानगढ़. इंदिरा गांधी नहर के रिलाइनिंग कार्य में अमानक निर्माण सामग्री इस्तेमाल आदि की शिकायतों के चलते शनिवार को एसीबी हनुमानगढ़ की टीम ने मौके पर पहुंच जांच की। निर्माण की गुणवत्ता जांच के लिए एसीबी टीम ने सैंपल भरे। एसीबी हनुमानगढ़ के एएसपी तेजपाल सिंह ने बताया कि एसीबी एसपी गगनदीप सिंगला के निर्देशन इंदिरा गांधी नहर के रिलाइनिंग कार्य की जांच के लिए दो टीम गठित की गई। इनमें से एक टीम एएसपी बीकानेर तथा दूसरी टीम एएसपी हनुमानगढ़ के नेतृत्व में जांच करने को भेजी गई। जांच दल ने जिले में चल रहे रिलाइनिंग निर्माण कार्य का मुआयना किया तथा जांच के लिए ११ सैंपल लिए। इनकी एफएसएल जांच करवाएंगे। जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे कार्यवाही की जाएगी। गौरतलब है कि नहरबंदी कर नहर की रिलाइनिंग का कार्य कई दिनों से चल रहा था जो पूरा हो गया। इस सत्र में नहरबंदी के दौरान रिलाइनिंग निर्माण कार्य का शनिवार को अंतिम दिन था। अब हरिके से नहर में छोड़ा गया पानी जिले में रविवार को पहुंच जाएगा। रिलाइनिंग कार्य में गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के चलते जिला कलक्टर ने भी तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर रखी है जो मौका मुआयना पहले ही कर चुकी है। इसके अलावा पीलीबंगा विधायक धर्मेन्द्र मोची, नोहर के पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया आदि भी शिकायतों के बाद निर्माण कार्य का मौका मुआयना कर चुके हैं।
नहर में पानी छोडऩे के दौरान धंसी लाइनिंग
साठ दिनों की नहरबंदी के बाद इंदिरा गांधी नहर में बांध से पानी छोडऩे के साथ ही शनिवार को पंजाब क्षेत्र में गिदडवाहा के पास इंदिरा गांधी फीडर नहर की लाईनिंग ध्ंास गई। नहर की लाईनिंग धंसने की जानकारी मिलने पर क्वालिटी नियंत्रण के मुख्य अभियंता अमरजीत सिंह मेहरड़ा व जलसंसाधन विभाग के मुख्य अभियंता विनोद मितल मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। मुख्य अभियंता विनोद मितल के अनुसार पंजाब क्षेत्र में इंदिरा गांधी फीडर नहर की आरडी 370 में लाईनिंग धंसी है। नहर के भीतर करीब 100-125 फीट लम्बाई की पटरी धंसने के बाद पंजाब क्षेत्र के अधिकारियों ने धंसी पटरी की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया है। उनके अनुसार इससे नहर में पानी की आवक प्रभावित नहीं होगी।
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/there-is-a-possibility-of-rigging-in-the-relining-work-of-indira-gandh-6870161/
Comments
Post a Comment