हनुमानगढ़ जिला जेल से तीन मोबाइल फोन जब्त
हनुमानगढ़ जिला जेल से तीन मोबाइल फोन जब्त
- बंदी के लिए बाहर से फेंके गए पैकेट में मिले फोन
हनुमानगढ़. जिला कारागृह की दीवार से बंदियों के लिए मोबाइल फोन फेंकने का मामला एक बार फिर सामने आया है। जेल प्रशासन ने कारागृह परिसर से पैकेट में बंद तीन मोबाइल फोन जब्त किए। इस संबंध में जंक्शन थाने में एक बंदी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। जिला कारागृह के प्रहरी अनिल कुमार (30) पुत्र सावलराम ने जंक्शन थाने में रिपोर्ट दी कि रविवार दोपहर को किसी ने दीवार के ऊपर से जेल परिसर में एक पैकेट फेंका। इस पैकेट को बंदी सतपाल उर्फ सत्ता पुत्र बृजलाल निवासी कुथला पुलिस थाना ऐलनाबाद हरियाणा ने उठा लिया। तभी वहां ड्यूटी पर तैनात जेल कर्मियों ने सतपाल को पैकेट उठाते देख लिया। तलाशी ली तो सतपाल से पैकेट बरामद हो गया। जिला कारागृह के उप कारापाल की सूचना पर जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में पैकेट खोला गया तो उसमें तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। जेल प्रहरी के अनुसार किसी अज्ञात जने ने बंदियों के लिए जेल के बाहर से पैकेट बंद तीन मोबाइल फोन जेल में फेंके। पुलिस ने जेल प्रहरी की रिपोर्ट पर इस संबंध में सतपाल उर्फ सत्ता व एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। गौरतलब है कि पूर्व में भी मोबाइल फोन, पिस्टल-कारतूस सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद जेल से बरामद हो चुकी है। कई बार दीवार के ऊपर से जेल में आपत्तिजनक सामग्री पहुंचाई जा चुकी है।
पोस्त तस्करी के आरोप में एक जना गिरफ्तार
हनुमानगढ़. टाउन पुलिस ने सोमवार देर रात पोस्त तस्करी के आरोप में एक जने को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक किलो तीन सौ ग्राम पोस्त जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार शेरगढ़ चौकी प्रभारी एसआई कैलाश प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार रात गश्त करते हुए नौरंगदेसर की रोही में पहुंची। वहां से जा रहे युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आई। पुलिस टीम ने युवक को रुकवा तलाशी ली तो उसके पास से बैग में पोस्त भरा मिला। पुलिस ने पोस्त जब्त कर मौके से आरोपी जसपाल सिंह उर्फ पाला (38) पुत्र जगदेव सिंह उर्फ बिल्लू निवासी वार्ड सात, गांव नौरंगदेसर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जंक्शन थाने के उप निरीक्षक शैलेश चन्द को सौंपी गई।
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/three-mobile-phones-seized-from-hanumangarh-district-jail-6796729/
Comments
Post a Comment