पिस्तौल दिखाकर चार मिनट में सोना-नकदी पार, बाइक पर हुए फरार
पिस्तौल दिखाकर चार मिनट में सोना-नकदी पार, बाइक पर हुए फरार
- हनुमानगढ़ टाउन बस स्टैंड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में लूट
- अज्ञात लुटेरों ने चार मिनट में दिया वारदात को अंजाम
हनुमानगढ़. टाउन बस स्टैंड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में सोमवार दोपहर दो अज्ञात जनों ने धावा बोल नकदी एवं सोना लूट लिया। मुंह पर कपड़ा बांधकर आए अज्ञात लुटेरों ने कर्मचारियों को पिस्तौल दिखाकर महज चार मिनट में ही वारदात को अंजाम दे दिया। पैसे और सोना लेकर बाइक पर फरार हो गए। लूटी गई नकदी की सही जानकारी को लेकर बैंक कर्मचारी गणना में लगे हुए हैं। मोटे तौर पर एक लाख रुपए की नकदी लूट की बात कही जा रही है। सोने के संबंध में अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करवाई। मगर अज्ञात लुटेरों का कुछ पता नहीं चल सका। बैंक शाखा के भीतर दो ही जने घुसे। मगर उनका एक साथी बाहर हालात पर नजर रखे हुए था। जबकि वारदात के समय तीन कर्मचारी बैंक शाखा के भीतर थे। सूचना मिलने पर टाउन पुलिस मौके पर पहुंची तथा सीसीटीवी फुटेज जांची। अज्ञात लुटेरे सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजकर 47 मिनट पर दो अज्ञात जनों ने बैंक के चैनल गेट पर लगी घंटी बजाकर द्वार खुलवाया। बैंक कर्मचारी ने गेट खोला तथा उनको भीतर प्रवेश दे दिया। इसके बाद गेट पर पुन: ताला लगा दिया। दोनों में से एक जने ने बैंक कर्मचारियों पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी। फिर बैंक कर्मचारी से लॉकर खुलवा कर उसमें रखी नकदी तथा सोना दूसरे बदमाश ने साथ लाए बैग में डाल लिया। चार मिनट में वारदात को अंजाम देकर करीब एक बजकर 51 मिनट पर दोनों बदमाश बैंक से बाहर चले गए।
बाहर से रखी नजर
पुलिस को आसपास के लोगों ने बताया कि भीतर घुसे बदमाशों ने पहले बैंक शाखा के पास खड़े ट्रक के पास अपनी बाइक खड़ी की। फिर बैंक में घुसे। सीसीटीवी फुटेज में एक और संदिग्ध नजर आ रहा है जो बाइक पर बैंक के बाहर के हालात पर नजर रखे हुए था।
ले गए मोबाइल फोन भी
नकदी और सोने के साथ अज्ञात लुटेरे बैंक कर्मचारियों के दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। वारदात के समय बैंक में तीन कर्मचारी मौजूद थे। जबकि कुल कर्मचारी पांच बताए गए हैं। उनमें से दो जने छुट्टी पर थे।
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/hanumangarh-robbed-of-gold-and-cash-in-four-minutes-by-showing-a-pisto-6746930/
Comments
Post a Comment