पोटाश विक्रेता को ढूंढ़ रही पुलिस, विस्फोट में हुई थी युवक की मौत

पोटाश विक्रेता को ढूंढ़ रही पुलिस, विस्फोट में हुई थी युवक की मौत
- युवक का सौंपा शव, तीन को मिली अस्पताल से छुट्टी
- पटाखे चलाते समय विस्फोट से एक जने की मौत का मामला
हनुमानगढ़. जंक्शन स्थित आईटीआई बस्ती में बसंतोत्सव के दौरान पटाखे चलाते समय पोटाश में विस्फोट से झुलसे युवक की मौत मामले में गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जंक्शन पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। दीपक उर्फ बाबू (18) पुत्र रामसेवक निवासी आईटीआई बस्ती ने बुधवार को बीकानेर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे किशन साहनी का बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में तथा भूपेन्द्र उर्फ गोल्डी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जबकि विस्फोट में झुलसे रामकिशन, रत्नेश कुमार व सत्यम को गुरुवार को जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हिमांशु मंडल को बुधवार को ही प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया था। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात जने के खिलाफ लापरवाही बरतते हुए जान-बूझकर लोगों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आईटीआई बस्ती निवासी उमाशंकर दास पुत्र मुकेश्वर दास की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। उसने पुलिस को बताया कि जय हनुमान मंदिर सेवा समिति आईटीआई कॉलोनी की ओर से 15 से 17 फरवरी तक बसंत पंचमी महोत्सव का आयोजन किया गया। बुधवार दोपहर मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम था। वहां दीपक रॉय, किशन साहनी, हिमांशु, रामकिशन, सन्नी सहित अन्य लड़के पोटाश से पटाखे बजा रहे थे। पोटाश में विस्फोट से सात जने झुलस गए। उनको राजकीय व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। दीपक रॉय एवं किशन साहनी को हालत गम्भीर होने पर बीकानेर रेफर कर दिया। मगर दीपक की रास्ते में ही मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई सूरजभान ने बताया कि विस्फोटक पदार्थ जहां से खरीदा गया, उसके बारे में जांच-पड़ताल की जा रही है।



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/police-searching-for-potash-seller-youth-died-in-explosion-in-hanuman-6700522/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष