हनुमानगढ़ में फुट ओवरब्रिज से फंदा लगाकर आत्महत्या, दो घंटे लटका रहा शव
हनुमानगढ़ में फुट ओवरब्रिज से फंदा लगाकर आत्महत्या, दो घंटे लटका रहा शव, दमकलकर्मियों की सहायता से उतारा
- टाउन रेलवे स्टेशन पुल की घटना
- मजदूरी करने वाला मृतक बताया गया नशे का आदी, जांच में जुटी पुलिस
हनुमानगढ़. टाउन में रेलवे स्टेशन स्थित फुट ओवरब्रिज के गाडर से कपड़े का फंदा बनाकर युवक ने आत्महत्या कर ली। इससे रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म के बीच उसका शव झूल गया। आसपास के लोगों ने रविवार दोपहर करीब बारह बजे ओवरब्रिज पर शव लटकते देख टाउन थाना तथा रेलवे पुलिस को सूचना दी। जीआरपी का जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचा। मगर शव अधिक ऊंचाई पर लटके होने के कारण पुलिसकर्मी उसे उतारने में विफल रहे। इसलिए नगर परिषद की दमकल की गाड़ी बुलाई गई। उसकी सीढिय़ों की मदद से करीब आधा घंटे की मशक्कत से शव को नीचे उतारा गया। इस बीच घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को काबू में रखने के लिए टाउन थाना पुलिस का जाब्ता बुलाया गया। रेलवे पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दोपहर बाद उसकी शिनाख्त होने पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में मृतक के पिता ने जीआरपी थाने में मर्ग दर्ज कराई।
जीआरपी के अनुसार मंगलसिंह रायसिख निवासी अमरपुरा थेड़ी ने रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र संदीप उर्फ सीपी (22) टाउन में ही मजदूरी करता था। रविवार को उसका शव रेलवे स्टेशन पर फंदे पर झूलता मिला। मृतक अविवाहित था। जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के गले पर फंदे के निशान मिले। उसके शरीर पर चोट वगैरह के गंभीर निशान नहीं पाए गए।
दोस्तों से झगड़ा व धमकी
मृतक के परिजनों तथा घटनास्थल के आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक संदीप का दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। उसे किसी लड़की ने भी मामला दर्ज कराने की धमकी दी थी। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान था। युवक का शव संदिग्ध हालात में ओवरब्रिज पर झूलता मिलने, आत्महत्या करने का स्थल व तरीके को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल रेलवे पुलिस का यही कहना है कि जांच में कोई खुलासा हो सकता है। मर्ग दर्ज कर घटना की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक नशे का आदी था।
ढाई घंटे लगे उतारने में
दोपहर करीब 12 बजे लोगों ने शव को लटकते देखा। इसके बाद जीआरपी को सूचना दी गई। पुलिस दो घंटे बाद वहां पहुंची। फिर उसे उतारने में आधा घंटा लग गया। इस अवधि में मौके पर भारी भीड़ लग गई। आसपास के लोगों में से कई जने मृतक को पहचानते थे। उनकी शिनाख्त पर ही अमरपुरा थेड़ी सरपंच तथा मृतक के परिजनों को सूचना दी गई।
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/suicide-by-hanging-from-foot-overbridge-in-hanumangarh-dead-body-hang-6426580/
Comments
Post a Comment