लकड़ी ठेकेदार की खेत में मिली लाश, हत्या कर शव फेंकने का आरोप

लकड़ी ठेकेदार की खेत में मिली लाश, हत्या कर शव फेंकने का आरोप
- बाइक पर लौट रहा था घर
- गांव 32 एसएसडब्ल्यू का मामला
हनुमानगढ़. लकड़ी ठेकेदार की हत्या कर शव खेत में फेंकने के आरोप में बुधवार को टाउन थाने में एक अन्य लकड़ी ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। यद्यपि 32 एसएसडब्ल्यू क्षेत्र में मिले मृतक के शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले। मौत के कारणों की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जहरीला पदार्थ सेवन आदि की पड़ताल के लिए विसरा जांच के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने दोपहर बाद पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में एक जने के खिलाफ नामजद सहित कई पर हत्या व एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है। मृतक व आरोपी दोनों लकड़ी ठेकेदार बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 30 एसएसडब्ल्यू निवासी राजेन्द्र नायक (30) पुत्र भादरराम लावा ने बुधवार को पुलिस को रिपोर्ट दी कि गांव किशनपुरा दिखनादा निवासी बृजलाल सुथार ने मंगलवार सुबह करीब नौ बजे उसके बड़े भाई मदनलाल (40) को धमकी दी थी कि वह उसे जिंदा नहीं छोड़ेगा। इसके बाद मंगलवार रात करीब दस बजे मदनलाल किशनपुरा दिखनादा रोड से अपनी बाइक पर 30 एसएसडब्ल्यू की तरफ आ रहा था। रास्ते में बृजलाल सुथार ने उसके भाई मदनलाल की बाइक के पीछे तीन गाडिय़ां लगा दी। उसने मदनलाल की हत्या कर शव 32 एसएसडब्ल्यू रोड स्थित नरेन्द्र सिंह के खेत में फेंक दिया। राजेन्द्र नायक ने पुलिस को बताया कि जब बृजलाल सुथार ने मदनलाल के पीछे वाहन दौड़ाए तो उसने रास्ते में 30 एसएसडब्ल्यू स्थित दुकान पर अपने जानकार को इसकी सूचना दे दी थी। इसका पता लगने पर वे पूरी रात मदनलाल को तलाशते रहे। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह करीब 6 बजे गांव के किसी व्यक्ति ने बताया कि मदनलाल की बाइक 32 एसएसडब्ल्यू रोड स्थित नरेन्द्र सिंह के खेत में नरमे की फसल के बीच पड़ी है। जब वे मौके पर पहुंचे तो खेत में बाइक व पास ही मदनलाल का शव पड़ा था। बाइक के पास ही हेलमेट पड़ा हुआ था। आरोप है कि बृजलाल सुथार व अन्य ने हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बृजलाल सुथार व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसकी जांच एससीएसटी सेल सीओ प्रशान्त कौशिक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मृतक के मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। मृतक मदनलाल के छह भाई हैं। उसके 15 वर्षीय लड़की व 14 साल का लड़का है।
रात्रि को दी सूचना
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे मदनलाल के नहीं मिलने पर इसकी जानकारी परिजनों ने टाउन थाने में दूरभाष के जरिए दी। लेकिन पुलिस ने सुबह थाने में आकर परिवाद देने की बात कही। परिजन मदनलाल के लापता होने की बुधवार सुबह रिपोर्ट दर्ज कराते उससे पहले ही मदनलाल का शव मिल गया। परिजनों ने मंगलवार रात पुलिस को यह भी सूचना दी कि मदनलाल की बाइक के पीछे बृजलाल सुथार ने गाडिय़ां दौड़ाई। साथ ही यह भी चर्चा रही कि अनियंत्रित होकर बाइक पेड़ से टकरा गई। बाइक का आगे का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त मिला है। हालांकि हेलमेट सही स्थिति में था। परिस्थितियों के आधार पर परिजनों ने मदनलाल की हत्या का मामला दर्ज कराया है।



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/the-body-of-the-contractor-found-in-the-field-murder-accused-of-throw-6404612/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष