कलक्ट्रेट के सामने ट्रक खड़े कर जताया विरोध, अवकाश के कारण नहीं सौंप सके चाबियां

कलक्ट्रेट के सामने ट्रक खड़े कर जताया विरोध, अवकाश के कारण नहीं सौंप सके चाबियां
-मांगें माने जाने तक अब पड़ाव पर डटे रहने की घोषणा
-हनुमानगढ़ जिला ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन का आंदोलन, ओवरलोडेड वाहनों का संचालन बंद करने की मांग

हनुमानगढ़. जिले में ओवरलोडेड वाहनों का संचालन बंद करने व परिवहन विभाग के अफसरों को सबक सिखाने के लिए अब ट्रक ऑपरेटर्स सड़क पर उतर आए हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों की गलत नीतियों के खिलाफ हनुमानगढ़ जिला ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन ने आर-पार की लड़ाई लडऩे की रणनीति बनाई है। इसके तहत जिले भर के ट्रक ऑपरेटरों ने बुधवार को कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन कर विरोध दर्ज करवाया। इस दौरान सैकड़ों ट्रक जिला कलक्ट्रेट के समक्ष खड़े कर ट्रक ऑपरेटरों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। सभी ने मांगें माने जाने तक बेमियादी धरना जारी रखने की चेतावनी दी। सभा स्थल पर ट्रक ऑपरेटरों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तय कार्यक्रम के अनुसार ट्रक ऑपरेटरों ने ट्रकों के पहिए थाम वाहनों की चाबियां जिला कलक्टर को सौंपने की घोषणा की थी। लेकिन बुधवार को सरकारी अवकाश होने के कारण अधिकारी नहीं आए। ऐसे में ट्रक ऑपरेटरों ने गुरुवार को प्रशासन को चाबियां सौंपने की बात कही है। कलक्ट्रेट के समक्ष धरनास्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अंडरलोड का समर्थन कर रहे जिले भर के ट्रक ऑपरेटरों के खिलाफ साजिश रची जा रही है। बीकानेर क्षेत्र के कुछ बजरी माफियाओं की सरकार में बैठे मंत्रियों से पहचान है। इसलिए बजरी माफिया गुंडागर्दी कर रहे हैं। इससे सामान्य ट्रक ऑपरेटरों का गुजारा नहीं हो रहा। स्थानीय प्रशासन ट्रक ऑपरेटरों का सहयोग करना चाहता है लेकिन ऊपरी दबाव के कारण उनके भी हाथ बंधे हुए हैं। साथ ही कहा कि कानून की आड़ में सरकार के मंत्रियों के कारिंदे तीन गुणा वजन लाद रहे हैं। और हमें कहा जा रहा है कि आप ओवरलोड नहीं करोगे। अन्य जिलों के बजरी माफिया की गाडिय़ां धड़ल्ले से हनुमानगढ़ जिले में खाली हो रही हैं। लेकिन डीटीओ व आरटीओ आंखें बंद कर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि ओवरलोड का विरोध करने वाले व नियम लागू करने में सहयोग करने वाले रावतसर के ट्रक ऑपरेटरों पर बजरी माफिया के कारिंदों ने एससीएसटी के झूठे मामले दर्ज करवा दिए। पुलिस पर भी दबाव डाला जा रहा है।



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/protest-by-standing-truck-in-front-of-collectorate-could-not-hand-ove-6335604/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष