ट्रक चालक पर गोली चलाकर लूटने का प्रयास

ट्रक चालक पर गोली चलाकर लूटने का प्रयास
- बाइक सवार दो अज्ञात जनों वारदात को दिया अंजाम
- चालक ने वाहन को भगाकर वारदात को किया विफल
हनुमानगढ़. जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्र में छीनाझपटी की रह-रह कर हो रही घटनाओं के बीच रविवार रात गोली दागकर ट्रोला चालक से लूट के प्रयास की बड़ी वारदात सामने आई है। हथियारों से लैस बाइक सवार दो अज्ञात जनों ने लूट का प्रयास किया। चालक ने ट्रोले को भगाकर आरोपियों के प्रयास को विफल कर दिया। इस दौरान गुस्साए बदमाशों ने चालक पर रिवॉल्वर से चार फायर भी किए। हालांकि गोलियां ट्रोले के शीशे से लगी। चालक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इसके बाद आरोपी भी फरार हो गए। इस संबंध में ट्रोला चालक ने जंक्शन थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए परिवाद सौंपा।
जानकारी के अनुसार मक्कासर निवासी नक्षत्र सिंह (50) पुत्र तेजा सिंह रविवार को ट्रोले में रिड़मलसर से चने भरकर लाया था। संगरिया स्थित स्टार एग्री मिल में चनों की सप्लाई दी। फिर रात करीब सवा 12 बजे वह ट्रोला लेकर जंक्शन में लाल चौक स्थित सेंट्रल वेयर हाउस के सामने पहुंचा। उसकी बाइक वेयर हाउस में खड़ी थी। वेयर हाउस में ट्रोला छोड़ उसे बाइक पर घर जाना था। जब उसने वेयर हाऊस के पास ट्रोला रोका तो काले रंग की हीरो होंडा बाइक पर दो जने आए। उनके पास रिवॉल्वर व गंडासा था। दोनों ने नक्षत्र सिंह को ट्रोले से नीचे उतर कर पर्स तथा मोबाइल फोन देने को कहा। लेकिन चालक ने ट्रोले की खिड़की बंद कर उसे शिव मंदिर सिनेमा की तरफ दौड़ाया। बाइक सवार एक जना चलते ट्रोले के आगे चढ़ गया। वाहन को रोकने के लिए उसने गंडासे से वार कर ट्रोले का शीशा तोड़ दिया। जबकि दूसरे ने रिवॉल्वर से ट्रोले पर चार फायर किए। लेकिन गोलियां ट्रोले के खिड़की के शीशे में लगी। चालक कुछ ही दूर स्थित पेट्रोल पम्प पर पहुंचा तो लूट का प्रयास करने वाले दोनों जने फरार हो गए। इसके बाद ट्रोला चालक ने जंक्शन पुलिस को सूचना दी। सुरेशिया चौकी प्रभारी इन्द्रा देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रोला चालक से घटना की जानकारी ली। बाइक सवारों के मुंह ढके हुए थे। दोनों जने ऊंचे कद के थे तथा पंजाबी भाषा में बात कर रहे थे। पुलिस ने सोमवार को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
गार्ड का मोबाइल व पर्स चोरी
इस वारदात के लगभग दो घंटे बाद डिस्ट्रिक्ट पार्क के गार्ड का दो जने पर्स व मोबाइल फोन चुरा ले गए। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर काले रंग की बाइक पर दो जने नजर आए। यह दोनों ट्रोला चालक से लूट का प्रयास करने वाले जैसे ही दिख रहे थे। उनके पास रिवॉल्वर व गंडासा भी था। डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस ने खंगाली तो रात करीब ढाई बजे दो जने बाइक पर आते दिखे। उन्होंने कमरे में सो रहे गार्ड का मोबाइल फोन व पर्स चोरी किया। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे को गंडासे के वार से क्षतिग्रस्त कर दिया।



source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/trying-to-rob-the-truck-driver-in-hanumangarh-6267260/

Comments

Popular posts from this blog

राजेंद्र मोर के हाथों में गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की कमान

हनुमानगढ़ में लड़की की हत्या का आरोप, परिजनों में रोष