टाउन कृषि उपज मंडी समिति का अलग बनेगा वजूद
टाउन कृषि उपज मंडी समिति का अलग बनेगा वजूद
-अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर एक को होगी बैठक
हनुमानगढ़. टाउन कृषि उपज मंडी समिति का अब अलग वजूद बनेगा। इस मंडी को अलग अध्यक्ष और उपाध्यक्ष मिलने के बाद सभी तरह के निर्णय उक्त संचालन मंडल के सदस्य लेने में सक्षम होंगे। इसके तहत मंडी समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव करवाने को लेकर एक अप्रेल को मंडी समिति की प्रथम बैठक बुलाई गई है। कृषि उपज मंडी समिति विशिष्ट श्रेणी टाउन के सभाकक्ष में सुबह ग्यारह बजे बैठक होगी। मंडी समिति हनुमानगढ़ के सचिव सीएल वर्मा ने इस बैठक में सभी मनोनीत सदस्यों से शामिल होने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि राजस्थान सरकार ने कृषि उपज मंडी अधिनियम १९६१ की धारा ४(१) व (२) की ओर से प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अधिसूचित फसलों के क्रय व विक्रय के संबंध में हनुमानगढ़ टाउन मंडी समिति बनाने की घोषणा की है। इसमें ग्राम पंचायत समिति किशनपुरा दिखनादा, फतेहगढ़, ३१ एसएसडब्ल्यू, सहजीपुरा, बहलोलनगर, झांबर, अमरपुरा थेड़ी, कोहला, श्रीनगर, रामसरा नारायणा, नौरंगदेसर, मटोरियावाली ढाणी, रणजीतपुरा, भोमपुरा, मैनावाली, लखूवाली, चोहिलावांली, अराइयांवाली व मुंडा के समस्त क्षेत्र को कृषि उपज मंडी समिति हनुमानगढ़ टाउन में शामिल कर अलग से मंडी समिति बनाने की घोषणा की गई है। टाउन मंडी समिति को अलग मंडी का दर्जा मिलने से अलग से यहां पर कार्यालय संचालित होगा। किसानों के मंडी संबंधित सभी तरह के कार्य मंडी समिति टाउन में ही संपन्न हो सकेंगे।
source https://www.patrika.com/hanumangarh-news/town-agricultural-produce-market-committee-will-remain-separate-6769618/
Comments
Post a Comment